कुरुक्षेत्र। आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में बकाली गांव के निर्मल सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के ही गांव के रोहित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अमेरिका जाना चाहता था। इसके लिए उसने उक्त आरोपी से 45 लाख रुपये में सौदा तय कर आधे रुपये पहले व बाकी काम के बाद में देने की बात की थी, जिसके बाद उसने तीन लाख 40 हजार रुपये व कागजात दे दिए। आरोपी ने जून 2023 में उसकी दुबई की टिकट करवाकर 16 लाख 40 हजार रुपये और लिए। दुबई जाने के बाद उसे 20 दिन वहां रखने के बाद वाकू भेज दिया जहां उससे 20 लाख रुपये की मांग की गई।
वहां मौजूद लोगों को देखकर उसे अंदाजा हो गया कि एजेंट ने उसे भी यहां फंसा दिया है। आगे भेजने की बात जब उसने एजेंट को कही तो उसे मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना से गुजरना पड़ा और वहां उससे से 2600 अमेरिकी डालर छीन लिए। वह किसी तरह बचते-बचाते भारत वापस आया और आरोपी एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच के बाद अब आरोपी को काबू कर लिया है।
ट्रॉला चोरी करने के आरोपी को दबोचा
इस्माईलाबाद। बाड़े में से ट्राॅला चोरी करने का आरोपी को पुलिस ने काबू कर लिया है। आरोपी से ट्राॅला भी बरामद कर लिया गया। आरोपी की पहचान यूपी के सहारनपुर जिले के गांव हरड़ा खेड़ी के रूप में हुई है। थाना पुलिस टीम को जलबेडा गांव के सतीश कुमार ने पांच अप्रैल को शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह ट्राॅले किराए पर देने का काम करता है, पांच रोज पहले उक्त आरोपी ट्राॅला किराए पर लेने के लिए आया था, जिसको उसने मना कर दिया और वह तीन चार दिन के लिए हिमाचल अपने परिवार के साथ चला गया। वापस आया तो उसे ट्राॅला बाड़े में नहीं मिला था। उसने उक्त आरोपी पर शक जताया था। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर अदालत में पेश करने के उपरांत जेल भेज दिया।
इटली भेजने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी
कुरुक्षेत्र। थाना केयूके की टीम ने इटली भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में राजौली गांव जिला अंबाला की एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
दबखेडी गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति इटली जाना चाहता था। इसके लिए उसके जानकार बहादुर सिंह ने संदीप कुमार से उनकी मुलाकात करवाई और दोनों के बीच 12 लाख रुपये में इटली भेजने के बारे में बात तय हुई। इसके बाद आरोपी ने संदीप से बात कर उसके कागजात व 13 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद भी आरोपी ने उससे अलग-अलग किस्तों में 10 लाख 15 हजार रुपये और ले लिए लेकिन आरोपी ने उसे इटली नहीं भेजा। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने साढ़े तीन लाख रुपये का चेक दे दिया जो बैंक में बाउंस हो गया। अब रुपये मांगने पर आरोपी उन्हें धमकी दे रहा था। शिकायत पर पुलिस टीम ने उक्त आरोपी को जुलाई 2023 में काबू किया था। अब मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए टीम ने इसी मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
जानलेवा हमला करने के दो काबू, मिली जमानत
कुरुक्षेत्र। थाना कृष्णा गेट टीम ने घर में घुसकर मारपीट करने व जानलेवा हमला करने के आरोप में पिपली के रहने वाले रामरतन व हरप्रीत को गिरफ्तार किया है। पुलिस को दी शिकायत में पिपली निवासी संदीप कुमार ने बताया कि 20 फरवरी को वह घर पर था। उसी समय उसके घर पर तीन चार लोग आए और उसके गेट पर जोर-जोर से आवाज लगाने लगे। गेट पर उसकी पत्नी ने पूछा कि क्या काम है तो आरोपी ने कुछ नहीं बताया और उसके गेट पर हथियार से हमला करने लगे। जब वह बाहर आया तो उन सबने मिलकर उस पर हमला कर दिया। उसके शोर मचाने पर आरोपी उसके घर का मुख्य गेट तोड़कर व उसको जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। शिकायत पर थाना सदर में मामला दर्ज करके जांच के बाद उक्त आरोपियों को काबू कर अदालत में पेश करने के बाद अग्रिम जमानत मंजूर होने पर रिहा कर दिया।
विधवा के साथ अभद्रता व मारपीट का आरोप
शाहाबाद। थाना क्षेत्र के गांव से एक विधवा महिला ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट व अभद्रता करने व उसके पति की कार को धोखाधड़ी करके कार हथियाने की शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी है। महिला ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई नहीं कर रही है।
पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी शादी 12 साल पहले हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही महिला अपने पति व बेटी के साथ सास-ससुर से अलग रहने लगी। महिला ने बताया कि उसके पति ने मजदूरी करके मकान व घर का सामान के साथ एक मोटरसाइकिल व उसके जेवरात बेच कर एक कार खरीदी थी। कुछ समय बाद उसके पति की अचानक मृत्यु हो गई। इसके बाद से ही उसके सास-ससुर, जेठ-जेठानी, ननद व अन्य परिवार के लोग उसके साथ अभद्रता व मारपीट करने लगे, जिसको लेकर उसने थाने में एक शिकायत दर्ज करवाई थी, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब आरोपियों ने दोबारा उसे व उसकी पांच साल की बेटी को घर से निकालने के लिए मारपीट की व उनकी कार को धोखे से अपने नाम करवा लिया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।