नौ साल पहले केयूके मार्केट में छात्र नेता वीरेंद्र काकड़ौद की गोलियां मारकर हत्या करने के मामले में उम्रकैद सजायाफ्ता भगोड़े अपराधी अजय वासी खेड़ी शेरखां (कैथल) को पीओ स्टाफ ने प्रोडक्शन वारंट पर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। यहां बता दें कैथल पुलिस के एक लाख के इनामी बदमाश अजय पर जिला अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल और जींद में हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, असला अधिनियम, बेल जंप तथा जेल अधिनियम के करीब एक दर्जन मामले दर्ज है। अकेले जिला कुरुक्षेत्र में ही अजय के खिलाफ चार मामले दर्ज है। पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल ने बताया कि अजय पर जिला कुरुक्षेत्र में चार, अंबाला में दो, जींद में चार तथा कैथल में एक मामला दर्ज हैं।
अजय शातिर किस्म का अपराधी है। अजय ने 17 अक्तूबर 2011 को केयूके मार्केट में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर छात्र नेता वीरेंद्र काकड़ौद की सरेआम गोलियां मारकर हत्या की थी, जिसमें सभी आरोपियों को कोर्ट से 20 जनवरी 2015 को उम्रकैद सुनाई गई थी। अजय ने 30 नवंबर 2016 को कोर्ट एक माह की अंतरिम जमानत बैलबांड भरकर ली थी लेकिन जमानत मिलने के बाद अजय दोबारा जेल में नहीं गया था, जिस पर उसके खिलाफ जेल अधिनियम के तहत थानाराजौंद (कैथल) में मामला दर्ज किया गया था। अजय गिरफ्तारी से बचने के लिए इधर-उधर छिप हुआ था तथा कैथल पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इससे पहले भी अजय दो बार पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गया था।
अब 25 जून 2020 को कैथल पुलिस को सूचना मिली कि एक लाख का इनामी बदमाश अजय जालंधर पंजाब में छिपा हुआ है। सूचना पाकर कैथल की सीआईए वन पुलिस टीम ने जालंधर पुलिस को सुचना देकर आरोपी की गाड़ी के टायर में गोली मारकर अजय को उसके साथी कर्मजीत के साथ काबू करके अदालत में पेश किया था, जिसके अदालत से भी गिरफ्तारी वारंट जारी थे। अजय की गिरफ्तारी के लिए कुरुक्षेत्र पीओ स्टाफ ने कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट जारी कराकर कोर्ट में पेश किया गया, जिसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।