शाहाबाद। शहर में बेसहारा गो वंश की बढ़ती संख्या लोगों के लिए सिरदर्द बनी हुई है, जिससे जान का खतरा और अनहोनी का डर भी लोगों को लगातार सताता रहता है। लाडवा रोड, बराड़ा रोड और नेशनल हाईवे ही नहीं बल्कि हर गली मोहल्ले में गाेवंशों के झुंड देखने को मिल रहे हैं। इसके बावजूद भी जिम्मेदार अधिकारियों अभियान चलाकर इन गोवंशों को पकड़ने की सहमत तक नहीं उठा रहे हैं।
बता दें कि पिछले साल लक्की काॅलोनी में नन्ही बच्ची को गोवंश ने रौंद-रौंद कर मार दिया था, हालांकि शनिवार सुबह धर्मनगरी की न्यू काॅलोनी में भी एक बुजुर्ग महिला को भी बेसहारा गोवंश ने रौंद-रौंद कर मार दिया है, जिससे शाहाबाद व आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग डर के साये में जीने को मजबूर है।
लोगों का कहना है कि शहर में बेसहारा गोवंश लोगों की जान के लिए बड़ा खतरा है। गोवंश को पकड़कर गोशाला या जंगल में छोड़ने की ड्यूटी नगर पालिका की है, लेकिन नगर पालिका की लापरवाही से शहर में गोवंश की संख्या दिन ब दिन बढ़ रही है।
बेसहारा गोवंश को पकड़ने की योजना की जा रही तैयार
नपा प्रधान गुलशन कावतरा ने कहा कि बेसहारा गोवंशों को पकड़ने के लिए योजना तैयार की जा रही हैं। सोमवार को उपायुक्त से मुलाकात कर जल्द ही बेसहारा गोवंश को पकड़ने की योजना पर काम किया जाएगा।