संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र/ शाहाबाद। उत्तर प्रदेश के उन्नाव से चंडीगढ़ जा रहा एक परिवार नेशनल हाईवे पर हादसे का शिकार हो गया। कार में सवार दो बच्चों सहित छह लोग घायल हो गए जिनमें ढाई साल के एक मासूम की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा कल्याणा गांव के पास हुआ। वैगनआर कार में सवार होकर 33 वर्षीय मुकेश हाल निवासी चंडीगढ़ अपने परिवार के साथ लौट रहे थे।
नेशनल हाईवे 44 पर तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी वैगनआर पलट गई। हादसे में ढाई साल के मासूम अभिनव को गंभीर चोट आई, जिनकी दाहिनी बाजू पूरी तरह अलग हो गई व साथ ही सिर, पेट और टांगों पर भी गंभीर चोट आईं। कार में सवार अन्य लोगों को हल्की चोट आईं। राहगीरों ने परिवार को बाहर निकाल बच्चे को मोहड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
मुकेश ने आरोप लगाते हुए बताया कि ब्रेजा कार के चालक मोहम्मद आसिफ ने लापरवाही और तेज रफ्तार से ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे उनकी कार के कंडक्टर साइड में टक्कर लगी। टक्कर के बाद उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई और घसीटते हुए दूर तक चली गई। हादसे में मुकेश की गोद में बैठा अभिनव उछलकर ड्राइवर साइड की ओर चला गया, जिससे उसे गंभीर चोट आईं। आरोपी ब्रेजा चालक मोहम्मद आसिफ मौके पर रुका और उसने अपनी पहचान यूपी के बुलंदशहर निवासी गांव अनुपशहर बताई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।