कुरुक्षेत्र-पिहोवा मार्ग स्थित गांव बिलोचपुरा के पास सोमवार देर शाम हरियाणा रोडवेज की बस सड़क पर खड़े रेत से भरे डंपर से सीधे जा टकराई। जिससे बस के चालक सहित बस में सवार एक दर्जन सवारियां जख्मी हो गईं। इस भीषण टक्कर में बस का एक साइड का आधा हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना की सूचना पाकर थानाध्यक्ष मलकीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा आसपास के लोगों की सहायता से जख्मी सवारियों को बस से निकालकर एंबुलेंस और पुलिस की गाड़ी की मदद से पिहोवा के निजी और सरकारी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। जिसमें एक व्यक्ति की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे एलएनजेपी रेफर कर दिया।
दुर्घटना के बाद सड़क पर जाम लग गया। सरकारी अस्पताल में भर्ती कैथल निवासी दीपक शर्मा और पिहोवा निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि वे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में एमएससी फाइनल कर रहे है। शाम को करीब पौने 6 बजे वह दोनों थर्ड गेट से पिहोवा आने के लिए हरियाणा रोडवेज की बस में सवार हुए थे।
अंधेरा होने के कारण उनकी बस सीधे सड़क पर रेत से भरे डंपर से जा टकराई। जिससे बस का कंडक्टर साइड का आधा हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इसी साइड बैठे करीब एक दर्जन लोग गंभीर रुप से जख्मी हो गए। हादसे में बस का चालक भी जख्मी हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस की सहायता से जख्मी लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया।