कैथल रोड पर गांव पिंडारसी के पास हुए भीषण सड़क हादसे में घायल एक और युवती ने दम तोड़ दिया है, जिसके चलते मरने वालों की संख्या छह हो गई है। चार लोग अभी भी उपचाराधीन हैं।
मृतकों में पांच लोग एक ही परिवार के जगाधरी के गुलाब नगर के रहने वाले हैं जबकि घायल कैथल के पबनावा गांव के रहने वाले हैं।
बताया जा रहा है कि जगाधरी के रहने वाले पवन, पत्नी उर्मिला, बेटी वंशिका, भाई राजेंद्र व भाभी सुमन स्विफ्ट कार में सवार होकर कैथल के गांव किठाना में उर्मिला के मायके में हुई मौत के चलते शोक जताने जा रहे थे। कार को वहीं का रहने वाला प्रवीण चला रहा था। वहीं पबनावा के रहने वाले ऋषि पाल, संतोष, लीला देवी व प्रवीण हेरियर कार में सवार होकर अंबाला दवाई लेने जा रहे थे। गांव पिंडारसी के पास दोनों गाड़ियों की अचानक आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई।
बताया जा रहा है कि यह हादसा किसी वाहन को ओवरटेक करने के चलते हुआ, जिसमें कार सवार यमुनानगर के रहने वाले चालक प्रवीण के अलावा पवन, राजेंद्र, उर्मिला व सुमन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य सभी घायल हो गए। सभी को वाहनों की खिड़कियां काटकर कड़ी मशक्त के बाद निकाला जा सका। बाद में सभी घायलों को एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया जहां कुछ घंटे बाद करीब 18 वर्षीय वंशिका ने भी दम तोड़ दिया जो मृतक पवन व उर्मिला की बेटी थी। पुलिस पंचनामा तैयार करने में जुटी है तो वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घायल ऋषिपाल गांव के पूर्व सरपंच का भाई है और उसके साथ कार सवार सभी परिजन ही थे।