गांव गुमथलागढ़ू अनाज मंडी के पास कार की टक्कर लगने से साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया।
मृतक की पहचान मुलखराज (40) निवासी गांव गुमथलागढ़ू के रूप में हुई है। पुलिस में दर्ज शिकायत में मृतक के भाई बलदेव सिंह निवासी गांव गुमथलागढ़ू ने कहा कि उसका भाई मुलखराज मेहनत मजदूरी का काम करता था। सोमवार रात करीब 10 बजे वह उसका भाई मुलखराज अपने किसी निजी काम से साइकिल पर सवार होकर जसविंद्र सिंह फार्म की तरफ गया था। इसी दौरान गुमथलागढ़ू अनाजमंडी के पास पहुंचने पर एक कार चालक ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह साइकिल सहित सड़क पर जा गिरा और कार उसके ऊपर से निकल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।