शाहाबाद। नशीले पदार्थ रखने के मामले में फरार चल रहे अजय को शाहाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस प्रवक्ता नेरश के अनुसार, थाना शाहाबाद की टीम ने डेहा कॉलोनी निवासी अजय को पकड़ा। 27 जून को शहरी पुलिस चौकी प्रभारी हरजीत सिंह को अजय के स्मैक बेचने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर पुलिस ने डेहा कॉलोनी स्थित उसके घर पर दबिश दी। उस समय अजय घर पर नहीं मिला था। कॉलोनी के प्रधान दीपक कुमार की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 2.56 ग्राम स्मैक बरामद हुई थी। इसके बाद अजय के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।
शाहाबाद में रेहड़ी से चावल चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
शाहाबाद। रेहड़ी से बासमती चावल का कट्टा चोरी हुआ था। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी किया चावल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। थाना शाहाबाद की हुड्डा पुलिस चौकी टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छपरा निवासी मोंटी और संभालखी निवासी साजन के रूप में हुई। पुलिस प्रवक्ता नरेश ने इसकी जानकारी दी। गांव किशनगढ़ निवासी रेहड़ी चालक नंद कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 24 जुलाई की शाम वह गुड़ मंडी शाहाबाद से चावल लेकर जा रहे थे। रास्ते में दूध लेने के लिए रेहड़ी सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सवार दो युवक चावल का कट्टा उठाकर फरार हो गए। आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
छीनाझपटी का आरोपी चंद घंटे में गिरफ्तार, 9,100 रुपये बरामद
कुरुक्षेत्र। कृष्णा गेट थाना पुलिस ने छीनाझपटी की वारदात का चंद घंटों में खुलासा किया है। पुलिस ने बाहरी निवासी ईश्वर सिंह उर्फ बादल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से छीनी गई अधिकांश नकदी बरामद की गई। लक्ष्मण कॉलोनी निवासी अजय कुमार ने शिकायत में बताया था। 25 जुलाई को वह दोस्त कालू के साथ स्कूटी पर भद्रकाली चौक जा रहे थे। शेख चिल्ली मकबरे के पास दीपक कुमार के घर के सामने उनकी स्कूटी बंद हो गई। इसी दौरान ईश्वर उर्फ बादल ने उनसे जबरन 9,600 रुपये छीन लिए। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी और भाग गया। शिकायत पर थाना कृष्णा गेट में प्राथमिकी दर्ज हुई। पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उससे 9,100 रुपये बरामद हुए। संवाद