कुरुक्षेत्र। सावन माह के पहले शनिवार को श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर ठसका मीरांजी में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की। मारकंडा नदी के तट पर पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया गया।
अखिल भारतीय श्री मारकंडेश्वर जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी के सान्निध्य में यजमानों ने वैदिक मंत्रोच्चारण से अभिषेक संपन्न कराया। इसमें जल, दूध, दही, घी, शहद और बेलपत्र का उपयोग हुआ। महंत पुरी ने बताया कि यह दिन भगवान शनिदेव को समर्पित है। सावन में शनिदेव की पूजा से भगवान शिव भी प्रसन्न होते हैं। उन्होंने कहा कि शनिदेव ने कठोर तपस्या से भगवान शिव को प्रसन्न कर न्यायाधीश की उपाधि प्राप्त की थी। सावन के पहले शनिवार को शनिदेव की पूजा विशेष फलदायी मानी जाती है, जिससे ग्रहों के दोष खत्म होते हैं।