संवाद न्यूज एजेंसी
पिहोवा। पिहोवा सरस्वती तीर्थ पर अब ब्रह्मसरोवर की तर्ज पर भव्य और सुंदर आरती स्थल का निर्माण किया जाएगा। इस आरती स्थल की परियोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं और इस आरती स्थल का नक्शा भी तैयार कर लिया गया है।
हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमिच ने कहा टीम के सदस्यों के साथ पिहोवा सरस्वती तीर्थ का निरीक्षण करने के उपरांत बातचीत की है।
इससे पहले मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती, बोर्ड के उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमिच, नपा चेयरमैन आशीष चक्रपाणी, अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव मेला प्राधिकरण के सदस्य डाॅ. अवनीत सिंह, युधिष्ठर बहल, रामधारी शर्मा ने सरस्वती तीर्थ के तट पर भव्य आरती स्थल बनाने के लिए निरीक्षण किया और आरती स्थल के लिए जगह को चिंह्नित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के आदेशानुसार और ओएसडी भारत भूषण भारती की देखरेख में सरस्वती तीर्थ पर भव्य आरती स्थल की परियोजना को पूरा किया जाएगा।
इस परियोजना की फाउंडेशन तैयार करने के आदेश संबंधित अधिकारी को दिए गए हैं। परियोजना को लेकर नक्शा तैयार कर लिया गया है। अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव से पहले इस योजना को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने पुजारियों को अपनी तरफ से आवश्यक सामान और सामग्री उपलब्ध करवा दी गई है।
सरस्वती तीर्थ को भव्य और सुंदर बनाने की पहल करते हुए आरती स्थल का निर्माण करने के लिए सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है। यह आरती स्थल तीर्थ के पूर्वी व उत्तर भाग में बनाया जाएगा ताकि संपूर्ण घाट का सुंदर दृश्य व श्रद्धालुओं के लिए बैठने की जगह भी बनाई जा सके।