कुरुक्षेत्र। गुस्साए टिप्पर चालकों द्वारा आरोपी युवक के घर के बाहर खाली किया कचरे से भरा टिप्पर
कुरुक्षेत्र। शहर में घर-घर से कचरा उठान में लगे टिप्पर चालकों के साथ गाली-गलौज का मामला लगातार दूसरे दिन भी सामने आया। अमीन रोड पर एक युवक ने चालक के साथ गाली-गलौज कर दी, जिससे दूसरे टिप्पर चालक भी भड़क उठे और हड़ताल करते हुए आरोपी युवक के घर के बाहर कचरे से भरे टिप्पर लेकर पहुंच गए। एक टिप्पर वहीं पर खाली भी कर दिया। मामला गहराया तो पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा, जिसके बाद टिप्पर चालक शांत हुए।
टिप्पर चालक गुलशन ने बताया कि वे पिछले कई साल से इस क्षेत्र में कचरा उठान कर रहे हैं। हर घर से कचरा उठाया जाता है लेकिन उनके साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार आम हो गया है। मंगलवार को भी जब वह अमीन रोड स्थित एक घर के बाहर कचरा उठान के लिए पहुंचा तो एक युवक ने उनके साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। इस तरह का व्यवहार सहन नहीं किया जा सकता।
उन्होंने यह सूचना दूसरे चालकों को दी तो वे भी अपने-अपने टिप्पर लेकर कचरे सहित वहीं पहुंच गए और कहा कि वे अब इस क्षेत्र में कचरा उठान नहीं करेंगे। सूचना मिलते ही पहले डायल 112 की टीम पहुंची तो बाद में सुभाष मंडी चौकी इंचार्ज मलकीत सिंह भी टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने टिप्पर चालकों को समझाकर शांत किया, जिसके बाद वे टिप्पर लेकर रवाना हुए। उधर टिप्पर चालकों ने बताया कि गत दिवस सोमवार को भी दीदार नगर में एक चालक के साथ मारपीट की गई। इस तरह का व्यवहार वे सहन नहीं करेंगे। वहीं समाचार लिखे जाने तक किसी मामले में पुलिस को शिकायत नहीं दी गई थी, जिसके चलते पुलिस कार्रवाई नहीं कर पाई।
कुरुक्षेत्र। गुस्साए टिप्पर चालकों द्वारा आरोपी युवक के घर के बाहर खाली किया कचरे से भरा टिप्पर