कुरुक्षेत्र। शनिवार रात करीब 10 बजे कैथल रोड पर एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से अपाचे बाइक सवार सुरजीत सिंह (32) की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पहचान टिब्बा फार्म नंद कॉलोनी, पिहोवा के निवासी के रूप में हुई है। हादसे में उनके साथी सोमनाथ को भी गंभीर चोटें आईं। टक्कर मारने वाला बाइक चालक मौके से भाग निकला।
मृतक सुरजीत सिंह अपने दोस्त सोमनाथ के साथ अपाचे बाइक पर सवार होकर किसी घरेलू काम से कैथल रोड जा रहे थे। सोमनाथ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब वे सदर थाने वाले कट के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने बिना हॉर्न दिए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। सुरजीत के सिर में गंभीर चोटें लगीं, जिससे मौके पर ही उनका खून बहने लगा।
राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत पिहोवा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुरजीत को मृत घोषित कर दिया। सोमनाथ का इलाज चल रहा है। थाना सिटी पिहोवा पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस भागे आरोपी बाइक चालक की तलाश में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।