शाहाबाद। ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। उसका शव धीरपुर और डोडा खेड़ी रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की उम्र 25-30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। उसका रंग काला और चेहरा लंबोतरा है। माथे पर गहरी चोट का निशान मिला है। शरीर पर कोई टैटू या विशेष निशान नहीं है और न ही कोई दस्तावेज मिला जिससे पहचान हो सके।
युवक ने जामुनी रंग की टी-शर्ट पहनी हुई थी। नीचे काली पैंट थी, जो हादसे में कट-फट गई। जीआरपी में तैनात एएसआई विकास कुमार ने बताया कि शव किलोमीटर 163 के पास 14-16 अप या डाउन ट्रैक के बीच बरामद हुआ। स्टेशन मास्टर से सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। शव की पहचान के लिए आसपास पूछताछ की जा रही है और शाहाबाद पुलिस से भी संपर्क किया गया है लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पहचान होने पर परिजनों को सूचित किया जाएगा।