इस्माईलाबाद। झांसा अनाज मंडी में करंट की चपेट में आने से घायल मजदूर उपचाराधीन। संवाद
इस्माईलाबाद। गांव झांसा अनाज मंडी में गेहूं का ट्रक लोड करते समय एक युवक मंडी से गुजर रही तारों की चपेट में आने से झुलस गया। घायल अवस्था में उसे कुरुक्षेत्र के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां पर उसका इलाज चल रहा है।
अनाज मंडी झांसा के प्रधान ज्ञानचंद ने बताया कि अनाज मंडी से बिजली की तारें गुजर रही हैं। जो काफी नीचे हो चुकी हैं। तारों को मंडी से बाहर की साइड से करने के लिए उन्होंने बिजली विभाग को कई बार इसकी शिकायत भी की लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। शनिवार को देर शाम ट्रक में गेहूं के कट्टे लोड करते समय मजदूर रहमान तारों की चपेट में आ गया और उसे जबरदस्त करंट का झटका लगा। घायल अवस्था में उसे कुरुक्षेत्र के प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया गया जहां पर उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि मंडी की तरफ से घायल मजदूर की हर संभव मदद की जाएगी।
बिजली निगम के जेई पवन कुमार ने कहा कि अनाज मंडी से लाइन को शिफ्ट करने के लिए कई बार एस्टिमेट तैयार किए गए हैं। एस्टिमेट पास होते ही लाइन को अनाज मंडी से बाहर कर दिया जाएगा।