पिहोवा। शहर की एक कॉलोनी में किशोरी ने युवक की हरकतों से तंग आकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिए जाने का मामला सामने आया है। 14 वर्षीय मृतक किशोरी के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना शहर में दर्ज शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि वह किसी काम से बाहर गया था। सुबह करीब नौ बजे उसकी माता ने कॉल करके सूचना दी कि उसकी नाबालिग बेटी ने गले में चुनरी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी बेटी को उनकी कॉलोनी में ही किराए पर रहने वाला कृष्ण कई दिनों से कॉल करके परेशान कर रहा था। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। उसकी हरकतों से तंग आकर उसकी बेटी ने फंदा लगा लिया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।