कुरुक्षेत्र। छात्राओं की प्रकृति परीक्षण जांच करने हेतु चिकित्सक। संवाद
कुरुक्षेत्र। दयानंद महिला महाविद्यालय में यूथ रेडक्रॉस सोसायटी एवं काउंसलिंग सैल के सहयोग में स्वास्थ्य निरीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें नौ चिकित्सकों की टीम ने प्रकृति परीक्षण के माध्यम से छात्राओं के स्वास्थ्य का निरीक्षण किया और खानपान संबंधी परामर्श दिया। यह शिविर कृष्णा आयुष विश्वविद्यालय की एसोसिएट प्रो. डॉ. सुनीति के नेतृत्व में लगाया गया।
प्राचार्य डॉ. उपासना आहुजा ने बताया कि प्रकृति परीक्षण ऐप आयुष मंत्रालय भारत सरकार की एक पहल है। इसका उद्देश्य प्रकृति परीक्षण के माध्यम से लोगों को उनके शरीर तंत्र की प्रकृति या आयुर्वेदिक शरीर के प्रकार के बारे में जानकारी देना और आयुर्वेद चिकित्सा प्रणाली को हर व्यक्ति तक पहुंचाना है। इससे लोग आयुर्वेद आधारित जीवनशैली को अपना कर, अपने खानपान की आदतों में सुधार करके एक स्वस्थ जीवन का आनंद ले पाएं और बीमारियों से दूर रह पाएं।
डॉ. उर्मिला पंघाल ने बताया कि 124 छात्राओं ने प्रकृति परीक्षण ऐप डाउनलोड किया और कफ, वात-पित्त संबंधी शारीरिक प्रकृति को जाना एवं चिकित्सकों से खानपान संबंधी परामर्श लिया। इसके अलावा 19 शिक्षिकाओं ने भी ऐप के माध्यम से अपनी प्रकृति की जानकारी ली। इस दौरान कृष्णा आयुष विश्वविद्यालय से चिकित्सकों की टीम में डॉ. मनीषा, डॉ. दीपिका, डॉ. सुधि सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य एवं अन्य विद्यार्थी मौजूद रहे।