संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। गर्मी की छुट्टियां मनाने अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश जा रहे 18 वर्षीय छात्र अमन की शाहाबाद के पास संपर्क क्रांति ट्रेन से गिरने के कारण मौत हो गई। मृतक की पहचान जींद जिले के रजाना खुर्द गांव निवासी अमन के रूप में हुई है। इस हादसे ने उसके परिवार और दोस्तों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
जांच अधिकारी एसआई गुरदेव ने बताया कि अमन अपने स्कूल के दोस्तों के साथ सफर पर निकला था। वह सफीदों से ट्रेन के माध्यम से पानीपत पहुंचा, जहां से उसने अंबाला तक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस पकड़ी। अंबाला से उसे ऋषिकेश के लिए दूसरी ट्रेन बदलनी थी। शाहाबाद के पास ट्रेन में यात्रा के दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह ट्रेन से गिर गया। हादसे की जानकारी तुरंत उसके दोस्तों ने रेलवे पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।
अमन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल कुरुक्षेत्र भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे दुर्घटना माना है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
अमन के दोस्तों ने बताया कि वह छुट्टियों का आनंद लेने के लिए उत्साहित था और इस यात्रा की योजना काफी समय से बनाई गई थी। इस हादसे ने न केवल उसके परिवार, बल्कि पूरे गांव को शोक में डूबो दिया। पुलिस ने दोस्तों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।