संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। एनएच 152 डी से होते हुए अब धर्मनगरी वासी रोडवेज बस में खाटू धाम पहुंच सकेंगे। 30 अक्तूबर को बस को हरी झंडी मिलने की उम्मीद है। इससे पहले धर्मनगरी से खाटू श्याम के लिए कोई स्पेशल बस नहीं थी। हाल ही में कुरुक्षेत्र में आयोजित खाटू श्याम संकीर्तन में भजन गायक कन्हैया मित्तल व श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से खाटू के लिए स्पेशल बस चलाने की मांग की थी।
बस के चलने से बाबा के भक्तों को काफी राहत मिलेगी। अब श्रद्धालु एक ही बस में बैठकर 382 किलोमीटर का सफर तय कर सकेंगे। अभी तक श्रद्धालुओं को कई बसें बदलकर बाबा के दर्शन को जाते हैं। ऐसे में काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।
परिवहन आयुक्त को भेजी डिमांड : शेर सिंह
रोडवेज महाप्रबंधक शेर सिंह का कहना है कि परिवहन आयुक्त को खाटू के लिए स्पेशल बस चलाए जाने की डिमांड भेजी गई है। अनुमति मिलने के बाद जल्द ही बस को हरी झंडी दे दी जाएगी। खाटू के लिए सीधी बस चलने से लोगों को राहत मिलेगी।
बुजुर्गों के लिए रहेगा आधा किराया
खाटू के लिए चलने वाली स्पेशल बस में श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी। बस में सरकार की ओर से जारी की गई 35 कैटेगरी को भी मान्य किया जाएगा। बुजुर्गों का आधा किराया लगेगा।