कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी का साल 2025-26 का बजट सात सदस्यीय कमेटी तैयार करेगी। इस कमेटी में बतौर सहयोगी शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी श्री अमृतसर एवं दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चीफ एडिटर भी काम करेंगे। हरियाणा कमेटी का ऑडिटर भी इस पर काम करेगा। यह जानकारी हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा ने हेड ऑफिस में पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने कहा कि बजट में काफी कमियां थीं और कई अहम बिंदुओं का इसमें कहीं भी जिक्र नहीं किया गया था, जिस वजह से हरियाणा कमेटी का साल 2025-26 का 104 करोड़ रुपये का आम बजट पास नहीं हो सका। सर्वसम्मति से बजट को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि अपनी प्रधानी के समय से 2014 से लेकर 2020 तक के काम का ऑडिट किया जाएगा। इसके उपरांत अगले वर्ष का भी ऑडिट करवाया जाएगा। इसके लिए उच्चाधिकारियों एवं गुरुद्वारा साहिबान के प्रबंधकों को आदेश दे दिए गए हैं कि हर महीने होने वाले खर्च एवं लेखा-जोखा एक बोर्ड पर लगाया जाए, ताकि संगत के बीच हर प्रकार की जानकारी पहुंच सके।
आपातकालीन के खिलाफ मनाए जा रहे काला दिवस पर धर्म प्रचार विंग के चेयरमैन जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल ने कहा कि तत्कालीन सरकार ने सत्ता की लालसा में यह कदम उठाया था। प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी सरकार बचाने के लिए इमरजेंसी लगाई गई थी, जिसका संताप कई नेताओं ने झेला था। इसलिए हरियाणा कमेटी के प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा की ओर से इमरजेंसी की 50वीं वर्षगांठ पर काला दिवस मनाना एक सराहनीय कदम है।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के दोबारा से प्रधान बनने वाले हरमीत सिंह कालका व उनकी नई कार्यकारिणी समिति की टीम को शुभकामनाएं दी। विक्रम सिंह मजीठिया की गिरफ्तारी पर बोलते हुए जत्थेदार दादूवाल ने कहा कि जो शुरुआत उन्होंने की थी, आज उसका भुगतान करना पड़ रहा है। उनकी सरकार के शासनकाल में उन्होंने सिखों पर अत्याचार किया था, उन्हें भी जेल में बंद किया गया था। उन्होंने कहा कि यदि भगवंत सिंह मान की सरकार नाजायज करती है, तो वे उसका विरोध करते हैं। सही मायने में जो भी हकीकत है, उसके मुताबिक की कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर वरिष्ठ उपप्रधान गुरमीत सिंह रामसरण कालका, जूनियर उपप्रधान गुरबीर सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
विज्ञापन में बाबा बंदा सिंह बहादुर जी के नाम में गलती पर जताया ऐतराज
धर्म प्रचार विंग के चेयरमैन जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल ने सिख राज की पहली राजधानी स्थापित करने वाले पहले जरनैल बाबा बंदा सिंह बहादुर जी के शहीदी दिवस पर उन्हें नमन किया और कहा कि सरकार की ओर बाबा बंदा सिंह बहादुर जी की शहीदी दिवस पर जो विज्ञापन दिया गया है, उसमें वीर बंदा बैरागी नाम प्रकाशित हुआ है, जिस पर संस्था को ऐतराज है। उन्होंने कहा कि इसमें सुधार किया जाए और आगे से उनका नाम बाबा बंदा सिंह बहादुर ही प्रकाशित किया जाए। उन्होंने बताया कि हरियाणा कमेटी के जनरल हाउस की ओर से प्रदेश सरकार को एक पत्र लिखा जाए कि भविष्य में उनका नाम बाबा बंदा सिंह बहादुर ही प्रकाशित करवाया जाए। इस संंबंध में एक प्रस्ताव भी गत दिवस जनरल हाउस में पास किया गया है।