पिपली। अनाज मंडी के पास फील्डकिंग कंपनी में सुरक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत 22 वर्षीय युवक की रात के समय तेज रफ्तार बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में युवक की दाहिनी टांग घुटने के ऊपर से टूट गई। बाइक चालक मौके से भाग गया।
कैथल जिले के गांव पुंडरी निवासी रमन कुमार ने एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी ड्यूटी शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक होती है।
24 अप्रैल की रात करीब 9:15 से 9:30 बजे के बीच ड्यूटी के दौरान वह शौचालय जाने के लिए पैदल सड़क पार कर रहे थे। वापसी पर डिवाइडर पर खड़े होकर जब वह मोबाइल फोन की लाइट जलाकर सड़क पार करने लगे, तभी मथाना की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उनको टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रमन कुमार सड़क पर गिर पड़े।
राहगीरों और डायल 112 की मदद से उन्हें तुरंत जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। अगले दिन 25 अप्रैल को परिवार ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने जांच में उनकी दाहिनी टांग घुटने के ऊपर से टूटने की पुष्टि की। मौके पर मौजूद लोगों ने टक्कर मारने वाली बाइक का नंबर नोट कर लिया। आरोपी चालक बाइक सहित मौके से भाग गया। रमन कुमार ने पुलिस को बताया कि अंधेरा था और सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं थी।
28 अप्रैल को पीड़ित के बयान के आधार पर थाना सदर थानेसर में भारतीय न्याय संहिता की लापरवाही से वाहन चलाने की धारा 281, 125(ए) और 125(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी मोटरसाइकिल चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।