कुरुक्षेत्र। गोष्टी में अपराध रोकने पर मंथन करते पुलिसकर्मी। विज्ञप्ति।
कुरुक्षेत्र। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लाइन में अपराध गोष्ठी आयोजित हुई। इसमें पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए। गोष्ठी में कबूतरबाजी व साइबर अपराध पर शिकंजा कसने के लिए योजना बनाई गई।
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि जिले में नशा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। नशे के खिलाफ अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। कबूतरबाजी व साइबर ठगी के मामलों में गहनता से जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करें। साथ ही कबूतरबाजी पर शिकंजा कसने के लिए मोबाइल नंबर 80530-03400 जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर सभी लंबित वारंट, इश्तेहार व कुर्की जब्ती का निष्पादन करें। सभी वांछित फरार अपराधियों की गिरफ्तारी करें। इसके अलावा पुलिस अधिकारी चोरी, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस, एक्साइज एक्ट, छीना-झपटी व धोखाधड़ी की वारदात पर तुरंत कानूनी कार्रवाई करें। साथ ही यातायात के नियमों को तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ भी अभियान चलाएं। इस मौके पर सभी डीएसपी, थाना प्रभारी, सीआईए प्रभारी, प्रवाचक पुलिस अधीक्षक, सुरक्षा शाखा प्रभारी, शिकायत शाखा प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।