पिपली। नशे के खिलाफ कुरुक्षेत्र पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। सोमवार को जिला पुलिस की नशामुक्त टीम ने सदर थानेसर थाना क्षेत्र के प्रतापगढ़, सांवला, रतनडेरा और हरियापुर गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों, युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
सहायक उप निरीक्षक ऋषि पाल के नेतृत्व में पहुंची टीम ने लोगों को बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। इससे आर्थिक और मानसिक परेशानियां बढ़ने के साथ युवाओं के अपराध की ओर बढ़ने का खतरा भी रहता है। टीम ने युवाओं को नशे से दूर रहने और खेल, पढ़ाई तथा अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशा बेचता है या युवाओं को नशे की ओर धकेलता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें। पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही। अभियान में सहायक उप निरीक्षक ऋषि पाल और सुभाष चंद ने भी लोगों को जागरूक किया।