कुरुक्षेत्र। त्योहारों के मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा के ग्रामीण चौकीदारों को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने उनका मासिक मानदेय 11 हजार रुपये से बढ़ाकर 15,221 रुपये कर दिया है। इसके साथ ही चौकीदारों को कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) का लाभ भी मिलेगा।
शुगर फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन एवं हरियाणा पंजाबी साहित्य संस्कृति अकादमी के निदेशक सरदार हरपाल सिंह ने सरकार के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 5201 पदों पर तैनात ग्रामीण चौकीदार गांवों में मृत्यु का रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज करने सहित प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। सरकार ने वार्षिक वर्दी भत्ता चार हजार से बढ़ाकर पांच हजार, साइकिल भत्ता 3500 से बढ़ाकर पांच हजार और अन्य आवश्यक सामग्री का भत्ता एक हजार से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दिया है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने 21 सामाजिक योजनाओं के तहत 52 लाख लाभार्थियों के खातों में 4470 करोड़ 77 लाख रुपये चार दिन पहले ही ऑनलाइन ट्रांसफर किए हैं। इनमें बुढ़ापा, विधवा, बेसहारा पेंशन और लाडो लक्ष्मी योजना शामिल हैं।