शाहाबाद। युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से कुरुक्षेत्र पुलिस की नशामुक्त टीम ने 11 अक्टूबर को विभिन्न कोल्ड स्टोर, राइस मिल और भट्ठों पर जागरूकता अभियान चलाया। सहायक उप निरीक्षक ऋषि पाल के नेतृत्व में टीम ने मजदूरों, महिलाओं और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि नशे से व्यक्ति का स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज भी प्रभावित होता है। नशे के कारण आर्थिक, मानसिक और सामाजिक परेशानियां बढ़ती हैं। टीम ने युवाओं को खेलकूद, पढ़ाई और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया साथ ही नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस को देने की अपील की। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।