कुरुक्षेत्र। प्रभात फेरी के आयोजक शर्मा परिवार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते समिति के प
कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण कृपा गोशाला सेवा समिति की ओर से सेक्टर-13 में होली उत्सव के उपलक्ष्य में भव्य प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। प्रभातफेरी का आयोजन स्वामी ज्ञानानंद की प्रेरणा से किया गया। इसमें सेक्टरवासियों का भी सहयोग रहा।
प्रभातफेरी में भजन रसिकों ने सुनील वत्स के नेतृत्व में एक से बढ़कर एक मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। ''सोणा नी सोझा मेरा श्याम, नी मैं वारी जावां'' और ''मेरे सद्गुरु दा मंदिर कमाल बन्या'' जैसे भक्तिमय भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। युगल सरकार की सुंदर झांकी के समक्ष श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से नृत्य किया। भजन-कीर्तन की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया और चारों ओर आध्यात्मिक उल्लास की अनोखी छटा देखने को मिली।
होली उत्सव के अवसर पर आयोजित इस प्रभातफेरी के सफल आयोजन पर समिति ने आयोजक शर्मा परिवार को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में ठाकुर जी की आरती के साथ प्रभातफेरी का विधिवत समापन किया गया। जीओ गीता के जिला प्रधान डॉ. ऋषिपाल ने बताया कि 22 फरवरी को गोवर्धन में श्री गिरिराज जी की परिक्रमा आयोजित की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गीता ज्ञान संस्थान से बस सेवा भी उपलब्ध रहेगी।