शहर के दुर्गानगर में झगड़े के बाद हेयर सैलून में पहुंची थाना प्रबंधक सुनीता।
- फोटो : सांकेतिक
अंबाला सिटी। बाल कटवाने के लिए नंबर न लगाने को लेकर हेयर सैलून संचालक और पड़ोसी दुकानदार के बीच झगड़ा हो गया। मामला हाथापाई तक पहुंच गया और हेयर सैलून भी तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हेयर सैलून संचालक को जिला नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। वहीं, सेक्टर-9 थाना पुलिस ने झगड़ा करने वाले युवक को हिरासत में लिया।
जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचे हेयर सैलून संचालक युवक अजय ने बताया कि उसकी दुर्गानगर में हेयर सैलून की दुकान है। उसको पड़ोसी दुकानदार युवक ने बाल कटवाने के लिए फोन किया था। इस पर उसने युवक को कुछ समय बाद आने के लिए कहा था। जब वह अपना काम करवाने के लिए उनके पास पहुंचा तो उससे पहले ही दो और ग्राहक उसके पास आ गए। इस वजह से थोड़ा समय लग गया। अजय ने बताया कि उसने पड़ोसी दुकानदार को थोड़ी देर में आने के लिए कहा। इसके बाद बाल काटने के लिए नंबर न लगाने को लेकर बहस हो गई। अजय ने आरोप लगाया कि पड़ोसी दुकानदार व उसके साथी ने उसकी दुकान तोड़ दी।
वहीं, सेक्टर-9 थाना प्रबंधक सुनीता ने बताया कि बाल कटवाने के लिए नंबर न लगाने को हेयर सैलून संचालक और पड़ोसी दुकानदार के बीच झगड़ा हुआ। झगड़े के दौरान दुकान का सामान तोड़ दिया। पुलिस ने झगड़ा करने वाले पड़ोसी दुकानदार को हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम तक इस मामले में हेयर सैलून संचालक की ओर से शिकायत नहीं दी गई थी।