कुरुक्षेत्र। आरओबी के नीचे नगर परिषद द्वारा बनाया गया रैन बसेरा। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
कुरुक्षेत्र। जिले में शीतलहर चलने से सर्दी बढ़ रही है। ऐसे में नगर परिषद की ओर से राहगीरों को रात को ठहरने के लिए रैन बसेरे खोले गए हैं। नगर परिषद की ओर से शहर के मोहन नगर रेलवे फ्लाईओवर के नीचे, सन्निहित सरोवर स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर के सामने व ब्रह्मसरोवर स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के सामने स्थायी रैन बसेरा बनाया हुआ है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि शहर में तीन स्थानों पर रैन बसेरे में एक साथ महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग ठहरने का प्रबंध है। रैन बसेरों में बिस्तरों के साथ-साथ साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, लाइटिंग, गद्दे व रजाई के प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि किसी भी राहगीर को ठंड में खुले आसमान के नीचे रात बिताने के लिए मजबूर नहीं होने देना है।
उन्होंने सभी पार्षदों और समाजसेवियों से अपील की है कि यदि अपने आसपास कोई भी राहगीर रात को सड़क किनारे या खुले आसमान के नीचे सोता हुआ मिलता है तो उसे रैन बसेरों में लाएं। इसके लिए रैन बसेरे में रात के समय एक कर्मचारी की ड्यूटी भी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि रैन बसेरों में कोई भी व्यक्ति नि:शुल्क रह सकता है। इसके लिए बस आपको पास आईडी प्रूफ होना जरूरी है जिसमें आधार कार्ड, वोटर कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या सरकार की ओर से जारी किया गया कोई भी दस्तावेज मान्य है। रात में काफी लोगों को इन रैन बसेरों का फायदा भी हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई आपसे रैन बसेरों में रहने के लिए पैसे या अन्य किसी प्रकार की मांग करता है तो नगर परिषद कार्यालय में आकर शिकायत दर्ज करवा सकता है।
कुरुक्षेत्र। आरओबी के नीचे नगर परिषद द्वारा बनाया गया रैन बसेरा। संवाद- फोटो : सांकेतिक