कुरुक्षेत्र।घटना स्थल पर खड़ी क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : Kurukshetra
कुरुक्षेत्र के अस्पताल से दवा लेकर लौट रहे दंपती की पिहोवा-कुरुक्षेत्र मार्ग पर गांव संधौली के निकट सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की शनाख्त गांव मोहनपुर निवासी रणधीर सिंह (53) और कुलदीप कौर (50) के रूप में हुई है। बताया गया है कि रणधीर सिंह का बड़ा पुत्र अमरिंदर सिंह अमेरिका में सैटल है और छोटी बेटी सुखमनदीप कौर भारतीय सेना में बतौर कैप्टन के पद पर सेवारत है।
सूचना मिलने के बाद कैप्टन सुखमनदीप कौर और बड़ी बेटी अमरदीप कौर घर पहुंचे, लेकिन अमरिंदर सिंह की अमेरिका से वापस लौटने में कोशिशें नाकाम रहीं। दोनों बेटियों की उपस्थिति में परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के पश्चात अंतिम संस्कार किया। अचानक हुई अनहोनी में सिर से मां-बाप का साया उठाने के बाद परिजन विलाप करते हुए बार-बार बेसुध हो रहे थे। गांव में मातम पसरा हुआ है।
मोहनपुर निवासी प्रगट सिंह ने बताया कि मंगलवार को उसके भाई रणधीर सिंह और भाभी कुलदीप कौर कुरुक्षेत्र के एक निजी अस्पताल से दवाइयां लेकर वापस गांव की ओर लौट रहे थे। इसी बीच गांव संधौली के निकट पीछे से तेज गति से आ रहे कार चालक ने उसके भाई की डिजायर गाड़ी में टक्कर मार दी, जिससे उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल पिहोवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, यहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया। अफरा-तफरी में वे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं, सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी
मामले की जांच कर रहे विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक रणधीर सिंह के भाई प्रगट सिंह की शिकायत में अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। शीघ्र ही आरोपी को काबू किया जाएगा।