कुरुक्षेत्र। श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा तथा कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड बुधवार को वामन भगवान की भव्य शोभायात्रा निकालेंगे। इसमें स्वामी ज्ञानानंद, ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, महंत बंसीपुरी और मां भद्रकाली शक्तिपीठ के अध्यक्ष सतपाल शर्मा समेत कई शहरवासी हिस्सा लेंगे। शोभायात्रा दुखभंजन मंदिर से दोपहर दो बजे प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरेगी। यह गुरुद्वारा छठी पातशाही से होते हुए सायं पांच बजे सन्निहित सरोवर परिसर पहुंचेगी।
बैंडबाजों और आकर्षक झांकियों के साथ वामन भगवान नगर भ्रमण करेंगे। विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और व्यापारिक संस्थाएं फूलों से शोभायात्रा का स्वागत करेंगी। सीकरी चौक पर थानेसर के विधायक अशोक अरोड़ा वामन भगवान का आशीर्वाद लेंगे। सन्निहित सरोवर परिसर में भजन संध्या, शानदार आतिशबाजी और नौकाविहार मुख्य आकर्षण रहेगा।
सेवाकार्य में सहयोग
जीओ गीता, श्री कृष्ण कृपा परिवार, श्री जयराम संस्थाएं, कला परिषद, हर-हर महादेव सेवा मंडल और श्री खाटू श्याम परिवार सेवा समिति सहित कई संस्थाएं शोभायात्रा में सहयोग करेंगी। ब्राह्मण धर्मशाला एवं छात्रावास, श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत, लायंस, रोटरी और फीनिक्स क्लब जैसी संस्थाएं भी शामिल हैं। प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा के प्रारंभ में सम्मान समारोह होगा। श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के संरक्षक मंडल सदस्यों और पूर्व प्रधानों को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा।