कुरुक्षेत्र/बाबैन। आईसीआईसीआई बैंक के पास बुधवार दोपहर उस समय बड़ा हादसा बच गया जब यहां कैश लेकर आई वैन से अचानक गोली चल गई। गोली सामने खड़ी कार में जाकर लगी। उस समय कार में कोई सवार नहीं था, लेकिन गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी अनुसार पानीपत से कैश लेकर वैन जैसे ही बाबैन के अनाजमंडी के सामने स्थित आईसीआईसीआई बैंक के बाहर पहुंची तो गार्ड ने अपनी बंदूक को कैश वैन की सीट पर रख दिया और पानी लेने के लिए चला गया। इसी दौरान अचानक वैन में रखी बंदूक से गोली चल गई जो सीधी कैश वैन के बराबर में खड़ी कार के शीशे में जा लगी। गनीमत यह रही जिस समय गोली चली उस समय गाड़ी के आसपास कोई व्यक्ति नहीं था। बता दें की आईसीआईसीआई बैंक बाबैन अनाज मंडी के सामने स्थित है और वहीं पर बस स्टैंड है, लेकिन गोली चलने से किसी को भी कोई जान माल का नुकसान नही हुआ।
सामान लेने के लिए कार से उतर गया था चालक
बता दें की जिस कार के शीशे पर गोली लगी उसमें चालक कुछ देर पहले तक बैठा था। वह अचानक ही कुछ सामान लेने के लिए कार से उतर गया और जब लौटा तो यह घटना हो चुकी थी। उधर शाखा मैनेजर राजीव कुमार का कहना था कि वैन में रखी बंदूक से अचानक गोली चली है, जिसमें बचाव हो गया। घटना को लेकर उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी गई है।