शाहाबाद। मंगलवार को नगर पालिका हाउस की अहम बैठक हुई। इसमें वित्तीय वर्ष के लिए 50 करोड़ 87 लाख 64 हजार रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में शहर के विकास और विशेष रूप से मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने पर जोर दिया गया।
बैठक में विधायक रामकरण काला, नगर पालिका अध्यक्ष गुलशन कवात्रा, उपाध्यक्ष भाविका कवात्रा और सचिव बम्बूल मालिक सहित 19 में से 16 पार्षद शामिल हुए। वहीं दोनों मनोनीत पार्षदों ने भी हिस्सा लिया।
विधायक रामकरण काला सहित पार्षदों ने शहर में जलभराव की समस्या को गंभीर बताते हुए अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी।
उन्होंने मानसून से पहले सभी नालों, गलियों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई और मरम्मत सुनिश्चित की जाने की मांग की ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में पार्षद कुसुम रानी, मीनाक्षी शर्मा, नीरज मट्टू, अमित सिंघल, इशू सचदेवा, हीरा लाल, प्रवीण शर्मा, नवनीत कौर, अमृत लाल, आरती गुप्ता, ऋतु शर्मा, जगतार सिंह, पंकज सिंगला, राजेश उप्पल, विजय कलसी, दीपक आनंद और मुलखराज गुम्बर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अनुपस्थित पार्षद निशा ठकराल ने बताया कि वे पारिवारिक कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सकीं लेकिन उन्होंने बजट का समर्थन किया।
वहीं पार्षद जसबीर सैनी और सुनील बत्रा ने भी शहर से बाहर होने के कारण अनुपस्थिति जताई।
शाहाबाद। नपा की बजट बैठक में विधायक, अध्यक्ष, उप प्रधान, सचिव और पार्षदों सहित उपस्थित सदस्य। स- फोटो : Archive