फोटो नंबर-43 व 44
आंशिक भूख हड़ताल पर बैठे एनएचएम कर्मचारी
-सरकार के खिलाफ निकाला रोष मार्च
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। पक्की नौकरी सहित अन्य मांगों को लेकर 14 दिनों से चल रही एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से बेहाल हो चुकी है। मरीजों को दर-दर भटकने को मजबूर होना पड़ रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अस्पताल से लेकर बिरला मंदिर चौक तक रोष मार्च निकाला। इस दौरान सात एनएचएम कर्मियों ने 24 घंटों के लिए भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान भी कर दिया।
ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति ओर भी गंभीर होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। भूख हड़ताल पर बैठने वाले कर्मियों में बलविंद्र, गौरव, जयकिशन, कुलदीप, राजेश, संत कुमार व परवेश शामिल रहे। कर्मचारियों ने रात को भी धरना स्थल पर बैठने का ऐलान किया है। इस दौरान कर्मचारी दिन भर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी करते रहे। जिला महासचिव राजेश गुर्जर ने कहा कि सरकार जल्द कर्मचारियों की मांगों को लागू नहीं करती तो कर्मचारी आमरण अनश्न शुरू करेंगे। मांगों के संदर्भ में कर्मियों ने सिविल सर्जन को ज्ञापन सौंपा। जिला प्रधान विक्रम संगरोहा ने कहा कि सरकार जल्द कर्मचारियों की मांगों को पूरा करे ताकि स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से चल सकें। कहा कि कर्मचारी सेवा सुरक्षा, नियमितीकरण, सातवां वेतन आयोग लागू करने, सेवा नियम संशोधन व एक साल से लंबित पड़ी मांगें पूरी करने को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। कहा कि इस संदर्भ में सरकार व अधिकारियों के साथ 17 बार वार्ता हो चुकी है, लेकिन हर बार कर्मचारियों को झूठा आश्वासन दिया जाता रहा है। कहा कि जब तक सरकार कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं करती तब तक कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहेगी।
इस अवसर पर राज्य सह सचिव कुलविंदर कौर, संयोजक डॉ सुरेश शर्मा, सह सचिव कृष्ण शर्मा, प्रेस सचिव नीलकंठ शर्मा, साहब सिंह, पिंकी मलिक, सोहन, डा विपिन, प्रवीण सैनी, कुसुम श्योरण व नरेश सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।