फोटो 57
10 दिन से आयुर्वेदिक कॉलेज में पढ़ाई, अब धरना स्थल पर की शुरू
- दूसरे दिन भी चार छात्राओं ने की भूख हड़ताल, प्रशासन ने दी जबरन धरना खत्म कराने की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। आयुर्वेदिक कॉलेज के विद्यार्थी 10 दिनों से हड़ताल पर हैं। कॉलेज में पढ़ाई ठप है। विद्यार्थियों ने अब धरनास्थल पर ही पढ़ाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को भी चार छात्राएं डॉ शोभना, भारती वत्स, मनीता जाखड़ व पूजा भारद्वाज भूख हड़ताल पर बैठी तो अन्य विद्यार्थियों ने जमकर नारेबाजी की।
उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार को उनके प्रतिनिधिमंडल को रजिस्ट्रार ने बातचीत के लिए बुलाया और उन्हें धरना खत्म करने को कहा। उन्होंने मांग पूरी करने पर ही धरना खत्म करने बात रखी तो रजिस्ट्रार ने शनिवार को जबरन धरना खत्म कराने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि आयुष विश्वविद्यालय रजिस्ट्रार मौखिक तौर पर अनिश्चित डेटशीट लेकर उनके बीच पहुंचे, लेकिन यह उन्हें मान्य नहीं है। उन्होंने ऐलान किया कि अधिकारिक पत्र व शेड्यूल जारी किए बिना हड़ताल खत्म नहीं की जाएगी।
धरना दे रहे छात्रों ने कहा कि प्रशासन की मनमानी व लापरवाही के विरोध में व अपनी मांगें पूरी कराने को लेकर उनका आंदोलन लगतार जारी रहेगा। वहीं 29 सितंबर को विद्यार्थियों की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।