मॉल की दूसरी फिल्मों और कारोबार पर भी पड़ रहा असर
कुरुक्षेत्र । कैसल मॉल में पिछले कुछ दिन पहले फिल्म पद्मावत के विरोध के चलते की गई तोड़फोड़ के कारण कैसल मॉल के सिनेमा में जहां आज तक यह फिल्म नहीं दिखाई गई वहीं अन्य फिल्मों के चलाए जाने के कारोबार पर भी इसका बड़ा असर पड़ा है। इससे सिनेमा को प्रतिदिन सात से आठ लाख का नुकसान माना जा रहा है वही दूसरी तरफ फिल्म देखने आ रहे दर्शकों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है । हालांकि मॉल की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ही फिल्म को नही दिखाया जा रहा हैं ।
वहीं सिटी एसएचओ मलकीत सिंह का कहना है कि पुलिस प्रशासन की तरफ से मॉल को पूरी तरह सुरक्षा प्रदान की जा रही है पुलिस सुरक्षाकर्मी पूरी तरह से सक्रिय है। फिल्म दिखाना या न दिखाना मॉल एवं सिनेमा संचालकों का कार्य है । वहीं सिनेमा स्टाफ की मानें तो इस फिल्म को चलाने का मामला भी प्रबंधन पर ही अटका हुआ है। एक तरफ जहां कुरुक्षेत्र अंबाला, करनाल को छोड़कर प्रदेश के कई शहरों के साथ यूपी में भी फिल्म को दिखाया जा रहा है । उनका कहना है कि यहां भी फिल्म को रिलीज कर देना चाहिए । मॉल के प्रबंधक रमेश सचदेवा का कहना है कि मॉल में फिल्म नही दिखाई जा सकती है ।
मॉल की सुरक्षा में तैनात हैं 70 सुरक्षाकर्मी
सिटी एसएचओ मलकीत सिंह ने बताया कि कैसल मॉल की सुरक्षा पिछले पांच दिनों से लगभग 70 पुलिसकर्मी कर रहे हैं । जहां पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के आसपास के चौक चौराहों ,नाकों पर सुरक्षाकर्मी तैनात किये हुए है, जिससे की किसी प्रकार की अनहोनी घटना से बचा जा सकें।
तोड़फोड़ के पांच आरोपी काबू
एसएसओ मलकीत सिंह ने बताया कि मॉल में तोडफोड़ करने वालो में से नामजद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और इसके साथ ही हमले में बिना नकाब के शामिल युवक की भी पहचान हो चुकी है। अन्य आरोपियों को भी जल्द काबू कर लिया जाएगा।