स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के आने की संभावना से ही शुरू हो गया एलएनजेपी का कायाकल्प
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव अमित झा द्वारा लोकनायक जयप्रकाश सिविल अस्पताल पर प्रदेश का सबसे गंदा अस्पताल का ठपा लगा दिए जाने के बाद अब विभाग के अधिकारियों में खलबली मच गई है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के गणतंत्र दिवस पर कुरुक्षेत्र आने को लेकर अधिकारियों के ओर भी पसीने छूट रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि गणतंत्र दिवस समारोह में ध्वजारोहण और अन्य कार्यक्रम के बाद स्वास्थ्य मंत्री अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंच सकते हैं। इसी संभावना के चलते अस्पताल को चमकाया जा रहा है। माना जा रहा है कि सोमवार को पहले विभाग के महानिदेशक सतीश अग्रवाल और उनके जाने से से पहले ही प्रधान सचिव अमित झा का अस्पताल के औचक निरीक्षण के लिए पहुंचाना स्वास्थ्य मंत्री के आने का संकेत हो सकता है।
हालांकि, अभी तक स्वास्थ्य अधिकारियों के पास स्वास्थ्य मंत्री के निरीक्षण को लेकर कोई सूचना अधिकारिक तौर पर नहीं पहुंची है। लेकिन, उनके आगमन से पहले ही अस्पताल के हालात दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसका असर मंगलवार को भी देखने को मिला। अस्पताल प्रबंधन ने सबसे पहले प्रधान सचिव के टूटे शीशे और धूल पर फटकार लगाने के बाद इन्हें सही किया जा रहा है। दिन भर टूटे शीशे बदलने गए। अन्य जगहों की सफाई कराई गई। अस्पताल के अनेक कर्मियों का कहना है कि स्वास्थ्य मंत्री से लेकर बड़े अधिकारियों का भी ऐसे ही दौरा जारी रहे तो अस्पताल के हालात सुधर जाएंगे।
उच्च अधिकारी लगातार कर रहे अस्पताल का निरीक्षण
अस्पताल कर्मियों की मानें तो यह स्वास्थ्य मंत्री के अस्पताल का निरीक्षण की संभावना का ही असर है कि करीब एक माह से अस्पताल में उच्च अधिकारियों का निरीक्षण लगातार जारी है। पहले तीन बार स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक निरीक्षण कर चुके हैं। सोमवार को महानिदेशक और उनके साथ ही प्रधान सचिव ने अचानक निरीक्षण किया। इससे कुछ दिनों पहले भी स्वास्थ्य महानिदेशक सतीश अग्रवाल कई घंटे तक अस्पताल का निरीक्षण कर चुके हैं।
पीने के पानी को भी भटक रहे मरीज
अस्पताल में प्रधान सचिव अधिकारियों को अस्पताल की हकीकत का आइना दिखा गए थे। यहां पर मरीजों को अन्य समस्याओं से जूझने के साथ ही पीने के पानी के लिए भी भटकना पड़ता है। अस्पताल के मुख्य द्वार के समीप ही पीने के पानी का प्रबंध है। यहां सही से सफाई तक नहीं की जाती। ब्लड बैंक के बाहर रखा कूलर कई माह से खस्ता हाल है। इसकी टोंटियां तक गायब हो चुकी हैं।
स्वास्थ्य मंत्री के आने की अभी सूचना नहीं : सीएमओ
सीएमओ एसके नैन का कहना है कि अभी तक उनके पास स्वास्थ्य मंत्री के अस्पताल में आने की कोई सूचना नहीं है। इसके बावजूद अस्पताल में सफाई से लेकर दूसरी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। प्रधान सचिव ने निर्माणधीन भवन का ही प्रमुखता से निरीक्षण किया और उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी जाने के निर्देश दिए।