पिछड़े वर्गों के लोगों के वोटों से सत्ता पाने वालों के लद गए दिन : नायब सिंह
अमर उजाला ब्यूरो
बाबैन।
लोकतंत्र सुरक्षा मंच कुरुक्षेत्र के जिलाध्यक्ष नायब सिंह पटाकमाजरा ने कहा कि प्रदेश की सत्ता पर पिछड़ों, दलितों के अलावा राजनीति में पिछड़े रहे अन्य वर्गों के लोगों के वोटों से प्रदेश की सत्ता का सुख भोगने वाले लोगों के दिन अब लद गए हैं। प्रदेश की सत्ता से वंचित रहे और राजनीति में शोषित रहे सभी वर्गों के लोग अब सांसद राजकुमार सैनी के नेतृत्व में एकजुट होकर आने वाले विधानसभा चुनावों में ऐसे लोगों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि जिन प्रभावशाली लोगों ने प्रदेश की सत्ता का लंबे समय से दुरुपयोग कर प्रदेश की सरकारी नौकरियों और अन्य लाभ के पदों को जीभर कर लुटा और अन्य लोगों का शोषण किया। उससे अब तक उपेक्षित रहे सभी वर्गों के लोगों लोगों की आंखें खुल गई हैं। अब वे लोग मिलकर अपने वोट की ताकत का एहसास कराएंगे। कहा कि आजाद भारत में भी कुछ लोग लठ की ताकत के नशे में पिछड़ा वर्गों के लोगों को डराना और धमकाना चाहते है। यह अब संभव नहीं है। नायब सिंह पटाकमाजरा महात्मा ज्योतिबा फूले की जयंती पर 26 नवंबर को जींद में आयोजित होने वाले समानता महासम्मेलन के लिए गांवों में लोगों को निमंत्रण देने के बाद अनाज मंडी बाबैन स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर सुभाष कसीथल, गुरनाम कश्यप, तरसेम राय, अरशद खान, रणबीर बिंट, धर्मपाल वाल्मीकि, सोहन चकचान पुर, जयपाल दन बरदार, नरेंद्र धीमान, जोगिंद्र सिंह, पन्ना लाल, बीर सिंह आदि उपस्थित थे।