डेरा के ओहदेदारों की तलाश में छापेमारी
- आज सजा के एलान को देखते हुए लाडवा में पुख्ता सुरक्षा प्रबंध
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख प्रकरण के बाद पुलिस व प्रशासन ने तीसरे दिन भी पूरी सतर्कता बरतते हुए लाडवा क्षेत्र में गश्त जारी रखी है। पुलिस ने लाडवा में लगाए गए सभी नाके बरकरार रखते हुए डेरा के नामचर्चाघर को सील करके वहां पुलिस तैनात कर दी है। डेरा मुखी की गिरफ्तारी के बाद लाडवा में सक्रिय डेरा प्रेमी व डेरा के ओहदेदार भूमिगत हो गए हैं।
सोमवार को डेरामुखी को सजा सुनाए जाने के दौरान उत्पन्न किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए लाडवा पुलिस ने क्षेत्र में डेरा के ओहदेदारों व सक्रिय सदस्यों की तलाश में छापेमारी अभियान चला रखा है। पुलिस की कई टीमें छापामारी के काम में लगी हुई हैं और दर्जन भर गांवों में डेरा के ओहदेदारों के ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। रविवार भी पुलिस ने लाडवा, बरोट, गादली, बपदा, बपदी, लाठीधनौरा, निवारसी, खेडी दाबदालान, जंधेडा व बकाली गांवों में छापामारी की। पुलिस को करीब एक दर्जन डेरा प्रेमियों की तलाश है जो लाडवा क्षेत्र की साधसंगत को नियंत्रित करते हैं और डेरा सिरसा से आने वाले निर्देशों को उन तक पहुंचाते हैं। पुलिस सबसे ज्यादा डेरासच्चा सौदा की राजनीतिक विंग की 45 मेंबर कमेटी के सदस्य जसबीर सिंह बकाली व ब्लाक भंगीदास बीर सिंह इंसा की सरगर्मी से तलाश कर रही है। लेकिन दोनों ही अहम ओहदेदार 25 अगस्त सुबह से ही भूमिगत हुए बताए जाते हैं।
इन डेराप्रेमियों की है पुलिस को तलाश
पुलिस के अनुसार, वह डेरा की राजनीतिक विंग 45 मेंबर सदस्य जसबीर सिंह इंसा बकाली व ब्लाक भंगीदास बीर सिंह इंसा की तलाश कर रही है। पुलिस ने जसबीर सिंह इंसा की तलाश में उसके गांव बकाली व उसकी कुरुक्षेत्र रोड स्थित गत्ता फैक्ट्री में कई बार छापेमारी की है लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा है। वहीं डेरा से जुडे़ कुछ सक्रिय प्रेमी भी हैं जो लाडवा क्षेत्र में पूरी तरह सक्रिय हैं। इनमें डॉ. संजीव कुमार निवारसी, जसमेर सिंह गादली, गुरविंद्र सिंह गादली, सुरेश लाठीधनौरा, जरनैल सिंह जंधेडा, मोहन लाल खेडी दाबदालान, जसबीर व मंसा राम बकाली शामिल हैं।
------------------
लाडवा में नाकों व नामचर्चा घर पर तैनात है पुलिस
लाडवा में एहतियात की दृष्टि से तीन नाके लगाए गए हैं। इनमें महाराजा अग्रसेन चौक, इंद्री चौक व बाबैन रोड पर पीर के पास नाके लगाकर पुलिस आने-जाने वाहनों पर निगाह रख रही है और वाहनों की तलाशी ले रही है। पुलिस ने सील किए गए नामचर्चाघर के बाहर भी 10 पुलिस कर्मियों की गारद तैनात की है जबकि पुलिस वाहनों व निजी वाहनों में पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।
---------------
रविवार को राधास्वामी डेरा में नहीं हुआ सत्संग
जिले में लगाई गई धारा 144 व सुरक्षा की दृष्टि से गांव बन रोड स्थित राधास्वामी सत्संग भवन में रविवार को होने वाला साप्ताहिक सत्संग नहीं हुआ। इसके अतिरिक्त शहर में हर रविवार होने वाले ऐसे कई सत्संग आयोजित नहीं किए गए।