पंचकूला हिंसा के पौने 200 से अधिक डेरा समर्थक कुरुक्षेत्र जेल में भेजे
कुरुक्षेत्र में भी 17 के खिलाफ दर्ज हो चुका है मामला
- रोडवेज की बसों से शनिवार देर रात से ही लाया जा रहा है जेल
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत सिंह राम रहीम को सीबीआई कोर्ट की ओर से दोषी करार दिए जाने के बाद हिंसा फैलाने वाले पौने 200 से अधिक डेरा अनुयायी कुरुक्षेत्र जेल में भेजे गए हैं।
गौरतलब है कि 25 अगस्त को सीबीआई कोर्ट के फैसले के बाद पंचकूला में जो हिंसा भड़की थी, उसके बाद पुलिस ने काफी संख्या में डेरा समर्थकों को हिरासत में लिया था। इनमें से काफी संख्या कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद और पिपली वासी डेरा समर्थकों की है। इसी के चलते ही शनिवार देर रात से रविवार देर सायं तक कुरुक्षेत्र जेल में 176 डेरा प्रेमियों को रोडवेज की बसों से लाया गया। अधिकतर डेरा प्रेमी पंचकूला निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि कुछ डेरा समर्थक शाहाबाद और पिपली के रहने वाले हैं। यह जानकारी जेल अधीक्षक सत्यवान सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि सभी डेरा समर्थकों को कुरुक्षेत्र जिला के सुधार गृह में रखा गया है।
यहां बता दें कि 25 अगस्त को सीबीआई कोर्ट के फैसले के बाद डेरा सच्चा सौदा के करीब 10 अनुयायियों ने नलवी गांव स्थित टेलीफोन एक्सचेंज में पेट्रोल डाल कर आग लगाने के प्रयास किया था, इनमें से पांच अनुयायियों को गिरफ्तार कर कुरुक्षेत्र पुलिस ने इनके खिलाफ देशद्रोह सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। पुलिस इन पांच आरोपियों सहित अब तक 17 अनुयायियों को हिरासत में ले चुकी है।