कुरुक्षेत्र। अनाजमंडी थानेसर में उठान की इंतजार में धान। संवाद
कुरुक्षेत्र। जिले की सभी अनाज मंडियों सहित 22 खरीद केंद्रों पर धान खरीद व उठान लगातार जारी है। इसके साथ ही भुगतान भी किया जा रहा है। पिछले सप्ताह तीन दिन की हड़ताल के बाद अब खरीद, उठान व भुगतान पटरी पर लौट चुका है जिससे किसानों को राहत मिली है।
खाद्य आपूर्ति एवं हैफेड एजेंसी की ओर से 8,63,755 मीट्रिक टन धान की खरीद का कार्य पूरा कर लिया है। इसमें खाद्य आपूर्ति विभाग ने 6,93,167 और हैफेड ने खरीदी 1,70,588 एमटी धान का खरीद कार्य किया है। इस सीजन में धान का 2389 रुपये प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। अब तक की गई खरीद के बाद 1,737.27 करोड़ की राशि का धान की फसल का भुगतान किया जा चुका है जिसमें खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से 1397.26 करोड़ राशि व हैफेड की ओर से 340.01 करोड़ राशि का भुगतान किया जा चुका है। वहीं खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से 88 प्रतिशत व हैफेड की ओर से 84 प्रतिशत धान का उठान कार्य पूरा किया जा चुका है। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक राजेश आर्य के मुताबिक सीजन में खाद्य आपूर्ति एजेंसी की ओर से अजराना कला मंडी से 3747 एमटी, अमीन मंडी से 2721 एमटी, बाबैन मंडी से 32557 एमटी, चढूनी जाटान मंडी से 4008 एमटी, गुमथला गढू से 23304 एमटी, थानेसर मंडी से 137741 एमटी, लाडवा मंडी से 100118 एमटी धान खरीदा गया है।