कुरुक्षेत्र। नए बस अड्डे पर लौटे में नमक डालकर नशा न करने का संकल्प लेते युवा। पुलिस
कुरुक्षेत्र। राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम की ओर से युवाओं को नशे कि खिलाफ जागरूक करने के लिए गांवों में अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अब युवाओं से नशा न करने के लिए लोटा नमक करवा कर प्रण दिलाया जा रहा है। टीम की ओर से कार्यक्रम बकेट चैलेंज, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा साइकिल यात्रा निकालकर युवाओं और अन्य लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को ब्यूरो टीम के डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने नए बस अड्डे पर बस चालक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 85 युवाओं से लोटा नून करवाते हुए लोटे में नमक डालकर नशा न करने और नशा बेचने वाले लोगों की गुप्त सूचनाएं देने का प्रण करवाया गया।
डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि नशे के कारण घर और परिवार, समाज बहुत अधिक प्रभावित हो रहा है। घर बिखर रहे हैं। समय से पूर्व युवा नशे की दलदल में जाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने पर उतारू हैं। उन्होंने प्रतिबंधित और चेतावनी युक्त दो प्रकार के नशों को परिभाषित करते हुए कहा कि दोनों प्रकार के नशे बहुत अधिक घातक है। उन्होंने कहा कि समाज में हुक्का एक भ्रांति के रूप में बढ़ रहा है जो आगे ई -हुक्का में परिवर्तित हो रहा है जो चिंता का विषय है। इसका भी त्याग बहुत अधिक आवश्यक है। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के हेल्पलाइन नंबर व पोर्टल पर नशे के विरुद्ध गुप्त सूचनाएं देकर सच्चे नागरिक का कर्तव्य निर्वहन कर सकता है।