कुरुक्षेत्र/इस्माईलाबाद। पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव नैसी के नजदीक खेतों में बने एक मकान में अवैध रूप से नशीला पदार्थ तैयार किए जाने का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने जहां छापेमारी कर कुछ लोगों को मौके से हिरासत में ले लिया वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तैयार किए जा रहे नशीले पदार्थ के सैंपल लिए, जिन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नैसी गांव के खेतों में बने एक मकान में बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ तैयार किया जा रहा है। इसी आधार पर पुलिस ने उक्त स्थान पर छापेमारी की। पुलिस द्वारा स्वास्थ्य विभाग, सीन ऑफ क्राइम सहित उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही डीएसपी धीरज कुमार, ड्रग इंस्पेक्टर रितु मेहला, बीडीपीओ राजवीर सिंह, एफएसओ राजेंद्र कुमार, सीन ऑफ क्राइम की टीम व एसएफएल टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। हालांकि इस मामले में समाचार लिखे जाने तक किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की नाम उजागर नहीं किया था। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। वहीं समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने किसी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया था।