दिखावे के लिए नहीं, जिंदगी बचाने के लिए पहने हेलमेट
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। हेलमेट को दिखावे और पुलिस को गुमराह करने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी बचाने के लिए प्रयोग करना चाहिए। अधिकतर दो पहिया वाहन चालक महज पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए अपने वाहन के साथ हेलमेट रखते हैं। पुलिस को देखकर हेलमेट प्रयोग करते हैं। पुलिस के पास से गुजर जाने के बाद फिर से हेलमेट को उतार देते हैं। ऐसे में अधिकतर हेलमेट वाहनों पर ही टंगे दिखाई देते हैं, जबकि दो पहिया वाहन चलाने के दौरान हेलमेट पहनाना नियम के अनुसार जरूरी है। इसके न पहने जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। अब यही ट्रेंड युवतियों में भी देखने को मिल रहा है। यह कभी भी जिंदगी के लिए घातक हो सकता है।
फैशन के चलते जिंदगी लग रही दांव पर : राजेंद्र
सेक्टर-7 वासी राजेंद्र कुमार का कहना है कि अधिकतर युवा फैशन के चलते हेलमेट पहनना पसंद नहीं करते। महज पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए ही अपने साथ वाहन पर हेलमेट टांग कर रखते है। ऐसे में वे पुलिस को गुमराह नहीं कर रहे, बल्कि अपनी ही जिंदगी दांव पर लगा रहे है।
पुलिस कर रही ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई : एसएचओ
ट्रैफिक एसएचओ देवेंद्र कुमार का कहना है कि पुलिस ऐसे वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई करती है, जो हेलमेट महज दिखावे के लिए रखते हैं। ऐसे वाहन चालकों पर पुलिस की निगाहें लगी रहती हैं और काबू में आते ही कार्रवाई भी करती है। यह वाहन चालकों को भी समझना चाहिए कि हेलमेट कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान बचाने के लिए उपयोग में लाना चाहिए।