सरस्वती पुल के लिए जारी हुए चार करोड़, दो दिन में शुरू होगा कार्य : सुधा
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि झांसा रोड पर सरस्वती पुल के लिए राज्य सरकार ने 4 करोड़ रुपये जारी किए हैं। पुल का निर्माण कार्य 2 दिन में शुरू कर दिया जाएगा। 6 माह में इस योजना को पूरा कर लिया जाएगा। यह जानकारी थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने दी। इससे पहले विधायक सुभाष सुधा का कुशलक्षेम पूछने के लिए हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी, सहकारिता मंत्री मुनीष ग्रोवर, लाडवा विधायक डा. पवन सैनी, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामपाल पाली, महामंत्री सुशील राणा, मीडिया प्रभारी विनित क्वात्रा सहित अन्य कार्यकर्ता पहुंचे। विधायक ने बताया कि पुल से निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और एजेंसी को काम अलाट कर दिया गया है। इस पुल पर आने-जाने का रास्ता अलग होगा। दोनों तरफ 100 मीटर रोड को साढे़ सात फुट चौड़ा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के अलावा मार्च के प्रथम सप्ताह में 45 लाख रुपये की लागत से सलारपुर रोड का निर्माण किया जाएगा। इस राशि से 580 मीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। नरकरतारी में 2 किलोमीटर सड़क बनाने का काम मार्च के दूसरे सप्ताह में शुरू होगा। इस पर 80 लाख रुपये का खर्च आएगा।
--------------
बाक्स
एस्ट्रो टर्फ हॉकी मैदान बनाने की कवायद शुरू : सुधा
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान बनाने की कवायद शुरू हो गई है। राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा निशानदेही का कार्य पूरा कर लिया गया है। रिपोर्ट खेल विभाग को सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि निशानदेही का कार्य पूरा होने के बाद द्रोणाचार्य स्टेडियम के साथ लगती जमीन को खेलकूद विभाग के सुपुर्द किया गया है। खेल मैदान की चारदीवारी का काम शुरू कर दिया जाएगा। चारदीवारी के लिए डी-प्लान से 20 लाख रुपये मंजूर हुए हैं।
बाक्स
स्टेडियम के लिए मांगेंगे अतिरिक्त बजट
----------------------------------------------
विधायक ने कहा कि खेल स्टेडियम के लिए सरकार से अरिक्त बजट मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि चारदीवारी पूरी होने के बाद सचिवालय से शहीद ऊधम सिंह चौक तक सीधी सड़क निकाली जाएगी। एसपी निवास के सामने सचिवालय को आने वाली सड़क को बंद किया जाएगा। इस सड़क की जमीन को स्टेडियम में शामिल कर लिया जाएगा। इसके बाद 4 करोड़ की लागत से एस्ट्रो टर्फ लगाया जाएगा।