अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को जीटीरोड स्थित पिपली बस अड्डा, सदर थाना, एलएनजेपी अस्पताल, झांसा रोड का औचक निरीक्षण किया। पिपली पैराकीट में कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने थाना सदर का औचक निरीक्षण करते हुए कहा कि पूरे हरियाणा के पुलिस थानों का स्वरूप सेवा केंद्रों की तरह नजर आना चाहिए। इसके बाद पिपली बस अड्डे पर पहुंचे सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिपली बस अड्डे को आधुनिक बनाने के लिए शीघ्र कदम उठाएं। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि पिपली बस अड्डे की जमीन 10 एकड़ से अधिक है। दिल्ली से चंडीगढ़ जाने वाली बसों को रॉन्ग साइड न चलने पड़े, इसके लिए लाडवा रोड पर एक पहुंच मार्ग बनाने के लिए डिजाइन मंजूर हो चुकी है। इस पर सीएम ने कहा कि इस कार्य को अति शीघ्र पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने सदर थाना के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाने के बाहरी क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के लिए पौध रोपण करवाएं, खाली जमीन में आकर्षक चबूतरे बनाएं, पार्किंग की व्यवस्था हो। साथ ही थानों में रखे खराब वाहनों को सुपुर्दगी समय से करवा कर बेकार वाहनों को हटाया जाए।
मुख्यमंत्री ने लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में 100 बिस्तर की क्षमता वाले भवन निर्माण को लेकर अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भवन के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। विकास कार्यों के चलते मलबे का उठान और सफाई करते रहें। इस मौके पर सीएम ने अस्पताल के डॉक्टरों से कैथ लैब स्थापित करने की जानकारी ली। इस दौरान सीएमओ डॉ. एसके नैन ने सीएम से आग्रह किया कि यदि कुरुक्षेत्र में कैथ लैब की व्यवस्था हो जाए तो क्षेत्र के मरीजों को फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों को निर्देश दिए कि वे मरीजों के ऑन लाइन पंजीकरण की भी व्यवस्था करें। ऐसा करने से मरीजों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पुराने भवनों का रखरखाव भी होना चाहिए। बिजली, टेलीफोन के तार सुव्यवस्थित हों। खाली जगह में पौध रोपण करवाएं। मुख्यमंत्री ने धुराला और गोबिंद माजरा के लोगों से भी गाड़ी रोककर हालचाल पूछा। इस मौके पर उन्होंने ग्रामवासियों से कहा कि वे अपनी किसी भी प्रकार की समस्या के निदान के लिए प्रशासन के अधिकारियों से मिलें। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करें। इस अवसर पर थानेसर विधायक सुभाष सुधा, बीजेपी प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, जिला अध्यक्ष धर्मबीर मिर्जापुर, उपायुक्त सुमेधा कटारिया, पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग, अतिरिक्त उपायुक्त धर्मवीर सिंह, डॉ. एसके नैन आदि मौजूद थे।
सीएम ने मरीजों से पूछा हालचाल
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मरीजों का हालचाल पूछा। प्रोफेसर कॉलोनी निवासी मरीज बृजलाल से मुख्यमंत्री ने बातचीत की। इस दौरान पास बैठी छोटी लड़की से मुख्यमंत्री ने पूछा कि बृजलाल आपके क्या लगते हैं तो बेटी कोमल ने कहा कि मेरे दादा जी हैं। मुख्यमंत्री ने बिटिया कोमल के सर पर हाथ रखकर उसे पुचकारते हुए कहा कि पोती-पोते दादा-दादी की सेवा करें।
झांसा रोड पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री कुुरुक्षेत्र दौरे के दौरान झांसा रोड पर भी गए। वहां पर उन्होंने स्थानीय दुकानदारों की समस्याएं सुनीं। दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने कहा कि यहां बारिश का पानी भर जाने की समस्या है। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की समस्याओं का समाधान जल्द करें।