अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री अमृतसर द्वारा पंजाब के बाद अब हरियाणा में भी धर्म प्रचार का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस विशेष अभियान का 18 जुलाई को शुभारंभ एसजीपीसी प्रधान प्रो. कृपाल सिंह बंडूगर ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब अंबाला में करेंगे।
कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए शिरोमणि कमेटी द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई है। समागम में संगत की उपस्थिति अधिक से अधिक दर्ज करवाने के लिए सिख मिशन हरियाणा के प्रचारक व एसजीपीसी कर्मचारी प्रचार-प्रसार भी कर रहे हैं। हरियाणा के एसजीपीसी मेंबर अपने-अपने हलके में अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने का न्यौता दे रहे हैं। एसजीपीसी धर्म प्रचार कमेटी के हरियाणा से मेंबर जत्थेदार तजिंदरपाल सिंह ढिल्लो ने बताया कि शिरोमणि कमेटी विश्व भर में सिख धर्म का प्रचार-प्रसार करती है, जबकि समय-समय पर विशाल समागम भी करवाए जाते हैं। इसी कड़ी में अब एसजीपीसी द्वारा धर्म प्रचार की लहर को आगे बढ़ाते हुए पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पंजाब में चलाए जा रहे इस अभियान का शुभारंभ एक जुलाई को हुआ था। इस कार्यक्रम में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के वरिष्ठ उप प्रधान जत्थेदार बलदेव सिंह कैमपुर, हरियाणा से निर्वाचित मैंबर जत्थेदार भूपेंदर सिंह असंध, जत्थेदार जगसीर सिंह मांगेआना, बाबा गुरमीत सिंह तिलोकेवाला, बीबी मनजीत कौर गधौला, बीबी अमरजीत कौर बाड़ा, जत्थेदार बलदेव सिंह खालसा विशेष रूप से पहुंचेंगे। इसके अलावा हरियाणा भर से सिख संगत और शिरोमणि अकाली दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।