गुरुकुल में शिक्षा पाने के लिए देशभर से 7500 छात्रों ने प्रवेश परीक्षा रविवार को गुरुकुल कुरुक्षेत्र में दी। जिसमें पांचवीं से ग्यारहवीं कक्षा तक 7500 में से केवल 750 प्रतिभावान छात्रों को विभिन्न कक्षाओं के लिए चयनित किया जाएगा, जिसमें 250 गुरुकुल कुरुक्षेत्र व 500 छात्रों का प्रवेश गुरुकुल नीलोखेड़ी में किया जाएगा। प्रवेशार्थियों में इटली व नेपाल के अतिरिक्त भारत के सभी राज्यों के छात्र शामिल हैं।
कार्यक्रम में पहुंचे हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल व गुरुकुल के संरक्षक आचार्य देवव्रत ने बताया कि अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान, साइंस व हिन्दी विषय की 100 अंकों की लिखित प्रवेश परीक्षा व काउंसलिंग के आधार पर योग्यता की परख कर केवल मेरिट सूची में स्थान पाने वाले प्रतिभावान छात्रों को ही चयनित किया जाएगा। गुरुकुल कुरुक्षेत्र के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों, खेल व अन्य क्षेत्रों में अर्जित उपलब्धियों से अभिभावक इतने अभिभूत हैं कि किसी भी कीमत पर वे अपने बच्चों को यहां प्रवेश दिलाना चाहते हैं परन्तु सीमित संसाधनों के कारण गुरुकुल प्रबंध समिति और अधिक बच्चों को प्रवेश दे पाने में असमर्थ है।