पूर्व विधायक का चैलेंज स्वीकार करती है भाजपा, यहीं से चुनाव लड़ेंगे राज्यमंत्री : तूर
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। नगरपालिका के उपप्रधान गुलशन कवातरा और उनके साथ अन्य सदस्यों के कांग्रेस में जाने से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता। अब उन्होंने भाजपा छोड़ दी है तो अब नैतिकता के आधार पर त्याग पत्र भी दे देना चाहिए। ये बातें भाजपा शहरी मंडल के प्रधान अरुण कंसल ने शाहाबाद विश्रामगृह में पत्रकारवार्ता के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि गुलशन केवल अपने स्वार्थ के लिए भाजपा में आए थे। असल में भाजपा के वर्कर रहे ही नहीं। नपा प्रधान की कुर्सी नहीं मिली तो बयानबाजी शुरू कर दी।
उन्होंने कहा कि यदि कवातरा की इतनी लोकप्रियता है तो इसी वार्ड से फिर चुनाव लड़ें। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता कर्ण राज सिंह तूर ने कहा कि पूर्व विधायक अनिल धंतौड़ी अपनी टिकट के बारे में सोचें और भाजपा वर्कर उनके उस चैलेंज को स्वीकार करते हैं, जिसमें उन्होंने राज्यमंत्री को यहीं से चुनाव लड़ने की बात कही है। उन्होंने कहा कि नि:संकोच राज्यमंत्री कृष्ण बेदी शाहाबाद से विधानसभा का चुनाव लड़ कर रिकॉर्ड तोड़ मतों से जीत दर्ज करेंगे और फिर से मंत्री बनेंगे। इस अवसर पर नपा प्रधान बलदेव राज चावला, बलदेव राज सेठी, मुलख राज गुंबर, कमल शर्मा एडवोकेट, नीटू राणा आदि मौजूद रहे।