सरकार प्रदेश में बनाएगी 550 नई बहु उद्देशीय सहकारी समितियां : कुंवर
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा। प्रदेश सरकार 550 नई बहु उद्देशीय सहकारी समितियां बनाएगी। भाजपा शहरी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कुंवर हुकम सिंह भाटी ने लाडवा लोकनिर्माण विभाग के विश्राम गृह में भाजपा सहकारी प्रकोष्ठ की जिला कार्यकारिणी को संबोधित किया। समिति के माध्यम से लोगों को रोजगार दिया जाएगा। समितियों को 50 लाख रुपये तक के टेंडर दिए जाएंगे। भाजपा के किसी भी प्रकोष्ठ के सदस्य इन समितियों में भाग ले सकते हैं। कोई भी व्यक्ति केंद्रीय सहकारी बैंक के 550 रुपए देकर शेयर खरीदकर सदस्य बन सकता है और सहकारी बैंक, लैंड मोर्टगेज, शुगर मिल, दुग्ध डायरियों आदि के चुनाव में सीधे तौर पर भाग ले सकता है। प्रदेश प्रभारी के माध्यम से हरियाणा में महिलाओं की टीम खड़ी की जाएंगी। उन्होंने ज्यादा संख्या में सहकारी समितियां बनाकर सरकारी नीतियों का लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मेघराज सैनी, देवराज राजू, सुरेश चौधरी, सुशील राणा, रविंद्र सांगवान, सतबीर मंगोली, संजय बक्शी, विक्रम लठवाल, धीरज त्यागी आदि मौजूद रहे।