हिंदुत्व का ढिंढोरा पीटने वाली भाजपा को नहीं इनकी फिक्र : पवन गुप्ता
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा।
हिंदुत्व का ढिंढोरा पीटने वाली भाजपा को हिंदुओं की कोई फिक्र नहीं है। भाजपा जिन हिंदुत्व के मुद्दों को लेकर सत्ता में आई थी। अब उसे पूरी तरह से भूल गई है। यह बातें शिव सेना हिंदुस्तान के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुप्ता ने मंगलवार को सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में पत्रकारवार्ता के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि मंदिरों में चढ़ने वाला पैसा सरकार स्वयं अधिग्रहण करती है। इससे हिंदू समाज अपने मंदिरों का जीर्णोद्धार करने से वंचित रह जाता है। इसलिए हिंदू संगठनों को चाहिए कि एसजीपीसी की तर्ज पर हिंदु मंदिर एक्ट बनाने के लिए सरकार पर दबाव बनाएं, ताकि इस पैसे का मंदिरों और हिंदु समाज के हित के लिए प्रयोग किया की जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा हिंदुत्व का दावा करती है। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को कासगंज में मुस्लिम बाहुल्य इलाके में तिरंगा लहराने पर सरेआम एक हिंदू की हत्या कर दी गई। इसके बाद यूपी के सीएम योगी आदित्य नाथ ने एक बार भी इस घटना की निंदा नहीं की। बल्कि पीड़ित परिवार से हिंदु नेताओं के मिलने पर बैन लगा दिया। उन्होंने कहा कि कश्मीर में पत्थरबाजों का विरोध करने के लिए जब सेना कोई एक्शन लेती है तो कश्मीर की भाजपा और महबूबा मुफ्ती की गठबंधन की सरकार सैनिकों के खिलाफ ही मामला दर्ज कर देती है। केंद्र की भाजपा सरकार इसका विरोध नहीं करती। उन्होंने कहा कि पंजाब में सरेआम हिंदू का कत्ल कर दिया जाता है। कश्मीरी पंडितों का मुद्दा भी दम तोड़ता नजर आ रहा है। वे सरकार से मांग करते हैं कि हिंदु मंदिर को समाज के हवाले किया जाए और हिंदू मंदिर एक्ट बनाएं। इस अवसर पर पंजाब महिला विंग की उपाध्यक्ष कांता बंसल, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।