अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
निर्माणाधीन रेलवे रोड पर बिजली कार्य के चलते वीरवार को दिन भर सेक्टर-17 सहित करीब आधे शहर की बत्ती गुल रही। सुबह-10 बजे से शाम करीब सात बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे ही हालात अगले दो दिन और भी झेलने पड़ेंगे। रेलवे रोड निर्माण कार्य के चलते बिजली निगम ने एक साइड में बिजली कार्य पूरा किया तो करीब एक माह से दूसरी साइड का कार्य बाट जोह रहा था।
यहां भी वीरवार को खंबे आदि खड़े करने शुरू कर दिए गए। इसके चलते सुबह 10 बजे ही बिजली आपूर्ति ठप कर दी गई। इससे रेलवे रोड मार्केट, सेक्टर-17, आर्य समाज मार्केट, कृष्णा धाम, गीता कॉलोनी, सपड़ा कॉलोनी, बैंक कॉलोनी, पटियाला कॉलोनी, दुखभंजन कॉलोनी, विष्णु कॉलोनी, राजेंद्रा कॉलोनी, न्यू कॉलोनी, पटेल नगर, ब्रह्मा कॉलोनी, एकता विहार आदि कॉलोनी में अंधेरा छाया रहा। बिजली न आने से जहां बाजारों में दुकानदारों के कारोबार पर असर पड़ा। पूरा दिन जनरेटर चलते रहे। शाम करीब साढ़े छह बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।
दो दिन और बंद रहेगी बिजली : एसडीओ
बिजली निगम के एसडीओ रणबीर सिंह देशवाल ने बताया कि रेलवे रोड पर बिजली कार्य शुरू कर दिया है। इसके चलते वीरवार को बिजली दिन में बंद रखी गई। शुक्रवार और शनिवार को भी पूरा दिन बिजली बंद रखी जाएगी। इसके बाद बिजली सुचारु हो जाएगी। लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े। इसी के चलते ही बिजली कार्य तेज गति से करवाया जा रहा है।
इंटरनेट व्यवस्था भी रही ठप
रेलवे रोड पर निर्माण कार्य के चलते बीएसएनएल की केबल कट गई थी। इससे सेक्टर-17 सहित कई कॉलोनी में टेलीफोन और इंटरनेट व्यवस्था ठप रही। हालांकि, अधिकतर क्षेत्र की यह व्यवस्था कुछ घंटे बाद ही निगम कर्मियों ने बहाल कर दी। कई क्षेत्रों के कनेक्शन रात को भी ठप पड़े रहे। निगम के मुख्य इंजीनियर राजबीर चौधरी ने बताया कि शुक्रवार सुबह ही यह सुविधा सुचारु करवा दी जाएगी।